


Jamshedpur : जमशेदपुर में गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूईलाडूंगरी राधाकृष्णा मंदिर के पास शुक्रवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अज्ञात अपराधियों ने स्थानीय निवासी लोचन कुमार पर दो गोलियां चलाईं, लेकिन वह बाल-बाल बच गए. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए.
सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस दल-बल के साथ पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है. साथ ही मौके पर रेकी करने के संदेह में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
पीड़ित लोचन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका एक वॉशिंग सेंटर है और उनका पहले रविखेरा नामक व्यक्ति से विवाद हो चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि रविखेरा और एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर उन पर गोली चलाई. लोचन हमलावरों को पहचानते हैं, लेकिन उनका नाम नहीं जानते. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



