


Ranchi. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की ओर से सिविल सेवा परीक्षा 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है. JPSC की ओर से इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से कुल 342 सफल उम्मीदवारों का चयन किया गया है. अगर आप भी अपना रिजल्ट चेक करना चाहते हैं, तो आप JPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर जाकर निर्धारित क्रेडेंशियल का उपयोग करके रिजल्ट चेक कर सकते हैं. जेपीएससी ने इस परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों के नाम और रोल नंबर की घोषणा भी कर दी है. इस परीक्षा में आशीष अक्षत ने पहला स्थान प्राप्त किया है. दूसरे स्थान पर अभय कजरू, तीसरे स्थान पर रवि रंडन कुमार, चौथे स्थान पर गौतम गौरव और पांचवें स्थान पर श्वेता ने यह रैंक हासिल की है.
इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से कुल 342 उम्मीदवारों का चयन किया गया है. जिसमें डिप्टी कलेक्टर के लिए कुल 207 अभ्यर्थियों, पद पुलिस उपाधीक्षक के लिए कुल 35, राज्य कर पदाधिकारी के लिए 56, कारा अधीक्षक के लिए 2, झारखंड शिक्षा सेवा के लिए कुल 10, जिला समादेष्टा के लिए 1, सहायक निबंधक के लिए 8, श्रम अधीक्षक के लिए 14, प्रोबेशन पदाधिकारी के लिए 6 और उत्पाद निरीक्षक के लिए कुल 3 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है.
आपको बता दें कि JPSC सिविल सेवा परीक्षा 2023 के विभिन्न चरणों में अभ्यर्थियों को बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ा था. मुख्य परीक्षा से लेकर इंटरव्यू और फिर फाइनल रिजल्ट तक प्रक्रिया में लगातार देरी और अस्पष्टता को लेकर आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे. अभ्यर्थियों ने मूल्यांकन में पारदर्शिता, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया, उत्तर कुंजी की शुद्धता और परिणामों की समयसीमा को लेकर काफी आक्रोश व्यक्त किया था.



