


Jamshedpur. जमशेदपुर में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति में अब रविवार को आंशिक राहत के संकेत मिल रहे हैं. स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे कुछ क्षेत्रों में पानी उतरने लगा है. हालांकि खरकई नदी का जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है, जिससे तटीय इलाकों में जलजमाव की स्थिति बरकरार है. स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर मानगो पुल स्थल पर खतरे के स्तर 121.50 मीटर से नीचे आकर 120.66 मीटर पर पहुंच गया है. यह राहत की खबर है, लेकिन प्रशासन अभी भी सतर्क है और नदी के किनारे बसे इलाकों पर नजर रखी जा रही है.
वहीं खरकई नदी आदित्यपुर पुल स्थल पर अब भी खतरे के स्तर 129 मीटर से ऊपर 132.79 मीटर पर बह रही है. प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न, पीने का पानी, टॉर्च, दवाइयों और जरूरी सामान की आपूर्ति की गयी है. प्रशासन की ओर से चेतावनी जारी करते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के किनारे ना जाएं और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें.
जिले में बीते 24 घंटे में 85 मिमी वर्षा दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है. प्रशासन की ओर से स्कूलों को एहतियातन बंद रखने और बांधों से जल निकासी की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन द्वारा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और राहत टीमें तैनात कर दी गई हैं.



