


Jamshedpur. परसुडीह थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची के साथ पड़ोस के युवक द्वारा दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी सुसेन हेम्ब्रम को करनडीह से गिरफ्तार कर लिया है. बताया गया है कि यह घटना बीते शुक्रवार दोपहर 2 बजे की है. बच्ची की मां ने बताया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब होने पर वे उसे डॉक्टर के पास ले गईं. डॉक्टर ने सामान्य मौसमी बुखार बताया और दवाएं दीं. हालांकि, जब बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ और उसकी मां ने उससे पूछा तो बच्ची ने जो बताया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया. बच्ची ने बताया कि सुसेन हेंब्रम नाम के व्यक्ति ने उसे घर के पीछे ले जाकर गलत काम किया था.
यह सुनकर बच्ची के परिजन तुरंत परसुडीह थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. लेकिन, परिजनों और भाजपा नेताओं का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस मामला दर्ज करने में टालमटोल करती रही. नेताओं के दबाव बनाने के बाद ही पुलिस बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजने को तैयार हुई.
इस कथित असंवेदनशीलता के आरोप में स्थानीय लोग और भाजपाई थाने के बाहर प्रदर्शन करने लगे.बच्ची को भी इलाज और आगे की जांच के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.



