



Chandi. चांडिल रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ी रेल दुर्घटना हुई. दो मालगाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे कई डिब्बे पटरी से उतर गए. रेल पटरी को भी नुकसान पहुंचा है. दुर्घटना में कुछ लोगों को चोटें आई हैं. चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है. हादसा शनिवार सुबह चांडिल रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 375/22 के समीप हुआ है. दुर्घटनास्थल पितकी रेलवे गेट और चांडिल स्टेशन के बीच है. हादसे में चालक दल के कुछ सदस्यों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के अनुसार, तकनीकी कारणों के चलते यह दुर्घटना हुई. हादसे के बाद पूरे अप और डाउन लाइन पर परिचालन ठप हो गया है. रेलवे की ओर ते चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट की सभी यात्री व मालगाड़ियों का परिचालन फिलहाल रद्द कर दिया गया है. कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है. यात्रियों को हेल्पडेस्क और स्टेशन घोषणाओं के जरिए जानकारी दी जा रही है.

चांडिल स्टेशन पार करने के बाद हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, आयरन ओर लदी एक मालगाड़ी टाटानगर से पुरुलिया की ओर जा रही थी, चांडिल स्टेशन पार करने के बाद मालगाड़ी पटरी से उतर गई. डिरेल हुई मालगाड़ी के कई डब्बे विपरित दिशा से आने वाले ट्रैक पर आ गए. इस कारण विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मालगाड़ी उन डिब्बों से टकरा गए, जिससे दूसरी मालगाड़ी के भी कई डिब्बे पटरी से उतर गए है.

हादसे की जांच शुरू
रेलवे के उच्च अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना के कारण सैकड़ों यात्री विभिन्न स्टेशनों पर फंसे हुए हैं और उन्हें वैकल्पिक साधनों से गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.




