



Jamshedpur. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हवाई मार्ग से जमशेदपुर पहुंचे. उन्होंने दिवंगत रामदास सोरेन के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही रामदास सोरेन के परिवारवालों से भी मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. घोड़ाबांधा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने रामदास सोरेन की पत्नी और तीनों पुत्रों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया और इस इस दुख की घड़ी में सदैव साथ देने की बात कही.
सोनारी एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने किया स्वागत
जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पहुंचने पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और टाटा स्टील के अधिकारियों ने सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन का स्वागत किया. सोनारी एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सड़क मार्ग से जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित दिवंगत रामदास सोरेन के आवास पहुंचे थे.
रामदास सोरेन का निधन अपूरणीय क्षति
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देने के बाद कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के कुछ समय बाद ही रामदास सोरेन का इस तरह चले जाने की पीड़ा मेरे लिए असहनीय है. उनका निधन इस राज्य के लिए और निजी तौर पर उनके लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि दोनों के निधन से जो शून्यता आई है उसकी भरपाई नहीं हो सकती.
15 अगस्त की शाम दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान झामुमो नेता सह झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन हो गया था. इधर, राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद से मुख्यमंत्री व्यस्त रहे. इस कारण वे मंत्री रामदास के निधन पर जमशेदपुर नहीं आ सके थे.



