


RANCHI . राज्य में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रहा है. चोर कहीं और किसी भी समय बाइक व स्कूटी की चोरी कर फरार हो जा रहे हैं. इस परेशानीी से सभी बड़े शहर के लोग परेशान हैं. गाड़ी के मालिक थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करा रहे हैं लेकिन बरामदगी नहीं हो पा रही है. आंकड़ों के मुताबिक अकेले रांची के 7 थाना क्षेत्रों में पिछले 30 दिनों में ही 34 बाइकों की चोरी हुई है.
पर बरामदगी मात्र 10 बाइक की हो पाई है. चोरों के टारगेट में अस्पताल व घरों के बाहर खड़ी बाइक व स्कूटी है. पकड़े गए एक चोर ने पूछताछ में खुलासा किया कि अस्पताल व घर के बाहर खड़ी बाइक को वह टारगेट कर चोरी करता है. उसने बताया कि उसके गिरोह में कई लोग हैं. उसने साथियों का भी नाम बताया है, लेकिन पुलिस उन्हेंे नहीं पकड़ पाई है. जांच में पुष्टि हुई है कि जेल से छूटे पुराने चोर ही फिर से चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं आैर नशा करने के लिए पैसा कम पड़ते ही चोरी कर रहे है.
कोकर स्थित हैदर अली निवासी नितीश कुमार अपने परिवार के इलाज के लिए 24 अगस्त को रात रातू रोड स्थित बाबा अस्पताल पहुंचे थे. बाहर निकले तो देखा कि बाइक जेएच01ईजे 1311 गायब थी. गाड़ी में लॉक भी लगा हुआ था जिसे अपराधियों ने तोड़कर वहीं फेंक दिया था. पीड़ित ने सुखदेवनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
यही हाल जमशेदपुर समेत दूसरे शहरों का है. जमशेदपुर में भी बीते दो माह में आधा दर्जन से अधिक बाइक व दोपहिया चोरी की घटनाएं हो चुकी है जिसमें पुलिस को कुछ सफलता मिली है लेकिन कोई बड़ा गिरोह अब तक पकड़ में नहीं आया.
रांची में चोरियां जगन्नाथपुर : शालीमार बाजार, हटिया, बरियातू : रिम्स, हाउसिंग कॉलोनी, कोतवाली : कचहरी व अपर बाजार, लोअर बाजार : चर्च रोड, सदर अस्पताल के पास और कांटाटोली, सदर : कोकर बाजार, रिम्स रोड और चुना भट्ठा, चुटिया : महादेव मंडा, स्टेशन रोड, लालपुर : मोरहाबादी, नगड़ा टोली और डंगराटोली, धुर्वा : शालीमार बाजार, बस स्टैंड, सुखदेवनगर : पहाड़ीटोला, मधुकम, इंद्रपुरी रोड, अरगोड़ा : सहजानंद चौक, अरगोड़ा चौक मार्केट के सामने और हरमू बाजार से हुई हैं.
पुलिस की बाइक व स्कूटी में डबल लॉक लगाने की अपील बाइक चोरी को रोकने के लिए रांची पुलिस ने राजधानी के लोगों से सावधान रहने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि लोग अपनी गाड़ी में डबल लॉक का इस्तेमाल करें. इसके अलावा नो पार्किंग में कहीं भी गाड़ी नहीं लगाएं. रांची पुलिस ने यह भी कहा है कि वाहन मालिक सुरक्षित जगह पर ही गाड़ी खड़ी करने का प्रयास करें. अक्सर लोग वैसे जगह पर गाड़ी खड़ी करते हैं जहां सीसीटीवी कैमरा भी नहीं होता. ऐसे में चोर उक्त गाड़ी को टारगेट कर चोरी कर रहा है.



