


नई दिल्ली. दिल्ली की लाइफलाइन कई जाने वाली मेट्रो में यात्रा करना अब और महंगा हो गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने मेट्रो के किराए में बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को एलान किया है. इसका असर दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले सभी यात्रियों पर पड़ेगा.
दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में यात्रा करने वालों को आज 25 अगस्त 2025 (सोमवार) से बढ़ा हुआ किराया देना होगा. डीएमआरसी ने बताया कि यह बढ़ोतरी न्यूनतम है, जो यात्रा की दूरी के आधार पर सभी लाइनों पर 1 से 4 रुपये तक है. वहीं, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के लिए किराया बढ़ोतरी 5 रुपये तक है.
नए किराया स्लैब के अनुसार, दिल्ली मेट्रो में सबसे लंबी दूरी की यात्रा करने पर अब 64 रुपये देने होंगे, आज से पहले तक इसके लिए 60 रुपये लगते थे. बता दें कि दिल्ली मेट्रो (DMRC) ने 8 साल बाद टिकट के दाम बढ़ाए हैं, इससे पहले 2017 में भी टिकट के दाम बढ़ाए गए थे.



