


RANCHI . बिजली वितरण निगम लिमिटेड(जेबीवीएनएल) में कनीय अभियंता(जेइ) और ऊर्जा मित्र(मीटर रीडर) जान-बूझकर या लापरवाही से बिलिंग में भारी गड़बड़ी कर रहे हैं. इससे निगम को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है. बिल में गड़बड़ी की शिकायतें मिलने पर जेबीवीएनएल द्वारा जांच की गयी, जिसमें यह मामला उजागर हुआ है.
इस पर जेबीवीएनएल के मुख्य महाप्रबंधक (एपीटी) श्रवण कुमार ने सभी एरिया बोर्ड के जीएम और सर्किल के अधीक्षण अभियंताओं को पत्र लिखा है. उन्होंने संबंधित उपभोक्ताओं के बिलों की जांच करने और दोषी ऊर्जा मित्रों व अन्य कर्मचारियों को चिह्नित करते हुए 15 दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी है. पत्र के साथ बतौर नमूना 239 दोषी उर्जा मित्रों व कर्मचारियों और संबंधित उपभोक्ताओं की सूची भी दी गयी हैं. इन्हें जांच के दायरे में लाया जायेगा और संबंधित ऊर्जा मित्रों पर कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं.
सभी एरिया बोर्ड के जीएम और सर्किल के अधीक्षण अभियंताओं को जारी पत्र में मुख्य महाप्रबंधक ने लिखा है कि कई बिलों की जांच में पता चला है कि ऊर्जा मित्र की लापरवाही से ऐसा हो रहा है. इस संबंध में पहले भी एक रिपोर्ट मांगी गयी थी, लेकिन वह अब तक नहीं मिली है. इसे अधिकारियों की लापरवाही माना जा रहा है. पत्र में सभी उप-महाप्रबंधकों (विद्युत आपूर्ति अंचल) और उप-महाप्रबंधकों (राजस्व) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सहायक विद्युत अभियंताओं के माध्यम से कुछ उपभोक्ताओं के बिलों की जांच करें. इस जांच में दोषी पाये गये ऊर्जा मित्रों व अन्य कर्मचारियों का विवरण, कार्यकारी विद्युत अभियंता व अधीक्षण विद्युत अभियंता की टिप्पणी और सिफारिशों के साथ 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट भेजें. पत्र में यह भी कहा गया है कि यह कदम बिजली उपभोक्ताओं के लिए सही बिलिंग सुनिश्चित करने और विभाग के राजस्व की रक्षा करने के उद्देश्य से उठाया गया है.



