


Ranchi.भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. मरांडी ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या को पुलिस एनकाउंटर बताकर सच छिपा रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि खनन माफियाओं और सत्ता संरक्षित तंत्र ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाया. इसके साथ ही नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर भी सरकार पर आदिवासी विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाया.
मरांडी ने घोषणा की कि इन दोनों मुद्दों पर भाजपा 11 सितंबर 2025 को राज्य के सभी 216 प्रखंड मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी और राज्यपाल के नाम ज्ञापन बीडीओ को सौंपेगी. उन्होंने कहा, हेमंत सरकार में सबसे अधिक गरीब आदिवासी लूटे-पीटे जा रहे हैं. सूर्या हांसदा को माफिया और दलालों ने सुनियोजित तरीके से मारा और अब सरकार इसे एनकाउंटर बताकर बचाव कर रही है.



