


Patna : बिहार में कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से पोस्ट किए गए एक AI जनरेटेड वीडियो ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है. इस वीडियो में PM मोदी और उनकी मां के किरदार को दिखाया गया है, जिसे बीजेपी ने अपमानजनक बताया है. बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर PM मोदी की मां का अपमान करने का आरोप लगाया है.
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने ट्वीट कर कहा, “कांग्रेस ने नीचता की सारी हदें पार कर दीं. AI तकनीक का दुरुपयोग कर पीएम मोदी की मां का अपमान किया जा रहा है. यह कांग्रेस की गिरी हुई सोच और मानसिक दिवालियापन दिखाता है. यह देश की हर मातृशक्ति का अपमान है. बिहार की धरती मां का अपमान करने वालों को कभी माफ नहीं करती.”
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने भी कांग्रेस और RJD पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “कांग्रेस और RJD ने ठान लिया है कि वे नहीं सुधरेंगे. राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के इशारे पर पीएम मोदी और उनकी मां को बार-बार अपमानित किया जा रहा है. लेकिन बिहार की जनता पहले भी आपको सबक सिखा चुकी है और इस बार भी सुधारेगी.”
क्या है वीडियो में?
बिहार कांग्रेस की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो का शीर्षक है, “साहब के सपनों में आई ‘मां’.” इसमें दिखाया गया है कि पीएम मोदी के सपने में उनकी मां आती हैं और उन्हें डांटते हुए कहती हैं, “बेटा, तुमने हमें नोटबंदी की लाइनों में खड़ा किया, मेरे पैर धोने का रील बनवाया और अब बिहार में मेरे नाम पर राजनीति कर रहे हो. तुम मेरे अपमान के बैनर-पोस्टर छपवा रहे हो. राजनीति के नाम पर कितना गिरोगे?” इसके बाद पीएम मोदी की नींद टूट जाती है.
बता दें कि कुछ दिन पहले ही बिहार में कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से PM मोदी को मां की गाली देने का मामला सामने आया था. अब इस वीडियो ने बीजेपी को कांग्रेस पर हमलावर होने का मौका दे दिया है. दिल्ली से लेकर बिहार तक बीजेपी नेता इसे मातृशक्ति का अपमान बता रहे हैं.
बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस ने AI तकनीक का गलत इस्तेमाल कर पीएम मोदी की दिवंगत मां का अपमान किया है, जो निंदनीय है. दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से अभी इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.



