


New Delhi. एयर कंडीशनर (एसी) बनाने वाली कंपनियों और डीलरों ने अगले हफ्ते से लागू होने वाली कम जीएसटी दरों के कारण एसी की बुकिंग शुरू कर दी है. कंपनियों को उम्मीद है कि कीमतों में कटौती के बाद ग्राहकों की मांग में तेजी आएगी. रूम एयर कंडीशनर बनाने वाली कंपनियों ने कहा है कि वे जीएसटी में 10 प्रतिशत की पूरी कटौती का लाभ ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं और इससे ग्राहक, मॉडल के हिसाब से प्रति यूनिट 4,000 रुपये तक की बचत कर पाएंगे.
इसी महीने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई जीएसटी परिषद की बैठक में माल एवं सेवा कर के चार स्लैब की जगह दो स्लैब करने का फैसला किया. अब कर की दरें पांच और 18 प्रतिशत होंगी. दरों को युक्तिसंगत बनाये जाने के तहत टेलीविजन एवं एयर कंडीशनर जैसे उपभोक्ता वस्तुओं के अलावा खानपान और रोजमर्रा के कई सामान पर दरें कम की गयी हैं.
एयर कंडीशनर पर वर्तमान में 28 प्रतिशत कर लगता है। 22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन नई दरें लागू होने के बाद इस पर 18 प्रतिशत कर लगेगा. ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी त्यागराजन ने कहा, ग्राहक अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. हमारे डीलर बुकिंग ले रहे हैं और 22 सितंबर को, जब नई जीएसटी दरें लागू होंगी, तब बिलिंग करेंगे. हायर ने एक रुपये की टोकन राशि से एसी की बुकिंग शुरू की है. इसके ऑफर में कुछ पेमेंट मोड पर 10 प्रतिशत तक कैशबैक, इन्वर्टर स्प्लिट एसी पर मुफ्त इंस्टॉलेशन, गैस चार्जिंग के साथ पांच साल की वारंटी और आसान ईएमआई विकल्प शामिल हैं.
कंपनी ने बताया कि एसी की बुकिंग 10 सितंबर से 21 सितंबर 2025 तक जारी रहेगी, जबकि खरीदारी 22 सितंबर से 30 सितंबर 2025 के बीच की जा सकती है. हायर ने अपने 1.6 टन 5-स्टार एसी की कीमत 3,905 रुपये और 1.0 टन 3-स्टार एसी की कीमत 2,577 रुपये तक कम कर दी है.
गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के अप्लायंसेज व्यवसाय के प्रमुख कमल नंदी ने कहा कि कुछ डीलर अपने स्तर पर बुकिंग कर रहे हैं, लेकिन कंपनी अभी ऐसा नहीं कर रही है. हालांकि, कंपनी नई एमआरपी स्टिकर लगाने में मदद कर रही है, जो 22 सितंबर के बाद एसी पर लागू होंगी.



