


Ranchi. दुर्गा पूजा के दौरान राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा-व्यवस्था में 10 हजार से अधिक अतिरिक्त जवान और अफसर तैनात होंगे. इनकी तैनाती पूजा पंडाल से लेकर विभिन्न चौक- चौराहों, क्यूआरटी टीम, ट्रैफिक ड्यूटी से लेकर अन्य कार्यों के लिए होगी. इसमें करीब छह हजार होमगार्ड के जवान होंगे. इसके अलावा विभिन्न वाहिनी से लेकर आरएपी, ट्रेनिंग सेंटर, पुलिस अकादमी सहित अन्य स्थानों से फोर्स क्लोज किये गये हैं. इसके अलावा सभी रेंज डीआइजी और आइजी को अतिरिक्त फोर्स प्रदान किया गया है, ताकि कहीं पर विधि- व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर इन्हें भी ड्यूटी में भेजा जा सकें. राजधानी रांची, धनबाद, गिरिडीह व जमशेदपुर में सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गयी है. यहां सुरक्षा में सबसे अधिक फोर्स तैनात किये जायेंगे. जवानों और पुलिस अफसरों की तैनाती 26 सितंबर से शुरू होगी.
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के सभी सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है. अतिरिक्त पुलिस बल जिलों के एसपी को उपलब्ध कराये जा रहे हैं. पुलिस मुख्यालय के स्तर से सुरक्षा से जुड़ी सभी बिंदु पर आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गयी है. जिलों के एसपी को पूर्व में भी विभिन्न बिंदु पर निर्देश दिया जा चुका है. सुरक्षा से संबंधित आवश्यक उपकरण भी पुलिस अधिकारियों और जवानों को उपलब्ध कराये जा चुके हैं.



