


Ranchi. दुर्गा पूजा के मद्देनज़र जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. शहरी इलाकों के भीड़भाड़ वाले हिस्सों में ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती कर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. उत्सव शुरू हो चुका है और रविवार से पंडालों में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है. राज्य के पुलिस महानिरीक्षक मनोज कौशिक ने दुर्गा पूजा से जुड़ी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की.
कौशिक ने कहा, शांति बनाए रखने पर विशेष ध्यान है. संवेदनशील इलाकों की पहचान कर ली गई है और वहां अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है. निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी का इस्तेमाल किया जाएगा.अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और पूजा पंडालों के पास त्वरित प्रतिक्रिया दल को तैनात किया गया है. राज्य के कई जिलों में शनिवार को मॉक ड्रिल और फ्लैग मार्च आयोजित किया गया.



