


Jamshedpur. बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में भाजपा का जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा स्तरीय सम्मेलन आयोजित हुआ. कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व सांसद आभा महतो, विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई नेता मौजूद रहे. आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलाया गया आत्मनिर्भर भारत अभियान देश की आर्थिक संरचना को सशक्त बना रहा है. उन्होंने कहा कि दीपावली व छठ पर्व पर नागरिक स्वदेशी उत्पाद खरीदें और दुकानदार इन्हें बेचें, यही सच्चा देशभक्ति का संदेश है.
साहू ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार को न जनता की चिंता है, न विकास की केवल स्वार्थ और कमीशन की चिंता है. मोदी सरकार के हर निर्णय का विरोध करना उनकी आदत बन चुकी है.
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी. विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भारत आज मेक इन इंडिया के जरिये वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान बना चुका है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है. कार्यक्रम में नंदजी प्रसाद, नीरज सिंह, सुधांशु ओझा, विनोद सिंह, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, योगेश मल्होत्रा, संजीव सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.



