


Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को चाकुलिया प्रखंड कार्यालय सभागार में आगामी नगर पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर नगर पंचायत के लिए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। चुनाव को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में उपायुक्त ने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी बूथों और क्लस्टर की विधि व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिये।
बैठक के बाद उपायुक्त ने स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न बूथों और क्लस्टर का निरीक्षण किया।इस क्रम में वे सबसे पहले केदार नाथ झुनझुनवाला उच्च विद्यालय पहुंचे जहां उन्होंने न केवल चुनावी व्यवस्थाएं देखीं। बल्कि कक्षाओं में जाकर शैक्षणिक गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। विद्यालय में कुछ छात्रों को बिना जूतों के देख उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से जूता पहनकर स्कूल आने की सलाह दी। स्कूल में सुविधाओं की जांच की इसके बाद आनंद मार्ग स्कूल के निरीक्षण के दौरान छोटे बच्चों को जमीन पर बैठ कर पढ़ते देख उपायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने प्रधानाध्यापक सुनील कुमार महतो को सख्त निर्देश दिया कि बच्चों को जमीन के बजाय बेंच पर बैठाकर पढ़ायें। अंत में उपायुक्त ने मनोहर लाल प्लस टू उच्च विद्यालय स्थित क्लस्टर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जांच की।



