


Jamahedpur. कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को मानगो, जुगसलाई, आदित्यपुर समेत झारखंड के सभी 48 शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान जारी है। निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर जमशेदपुर डीसी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि नगरपालिका चुनाव 2026 में मतदान को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह है। जिला अंतर्गत तीन नगर निकायों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। सुबह 7 से ही मतदान केंद्रों पर कतारबद्ध मतदाता सुगमतापूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
इस चुनाव में 43 लाख से अधिक मतदाता 6,000 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के पात्र हैं अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने कहा, ‘‘48 शहरी स्थानीय निकायों में महापौरों और अध्यक्षों के पदों के लिए तथा नौ नगर निगमों, 20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के 1,042 वार्ड में पार्षदों के पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं। महापौर और अध्यक्ष के पदों के लिए 235 महिलाओं सहित कुल 562 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि वार्ड पार्षदों के पदों के लिए 2,727 महिलाओं सहित 5,562 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।


प्रसाद ने कहा कि सभी बूथ में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चुनाव के लिए कुल 4,307 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 896 को अति संवेदनशील और 2,445 को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है।



