


सरायकेला-खरसावां: जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए चांडील अनुमंडल क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर की गई।
संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
जिला खनन विभाग और तिरूलडीह थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में तिरूलडीह थाना क्षेत्र के तिरूलडीह, सिरकाडीह, सापदा एवं सपारूम बालू घाटों में अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध सघन जांच की गई।
38 हजार घनफीट बालू जब्त
निरीक्षण के दौरान सपारूम घाट के समीप अवैध रूप से भंडारित लगभग 38,000 घनफीट बालू को विधिवत जब्त किया गया। प्रशासन ने बताया कि इस मामले में नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि जांच के समय संबंधित घाटों पर तत्काल अवैध उत्खनन की गतिविधि नहीं पाई गई, लेकिन तिरूलडीह एवं सिरकाडीह घाटों पर वाहनों के टायर के निशान मिले, जिससे अवैध परिवहन की आशंका जताई गई।
संभावित मार्गों पर बनाई गई ट्रेंच
वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार संभावित अवैध परिवहन मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर अवरोध गर्त (ट्रेंच) का निर्माण कर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है। इस कदम का उद्देश्य भविष्य में अवैध परिवहन की पुनरावृत्ति को रोकना है।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में कहीं भी खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।




