


Dhanbad. झारखंड के धनबाद जिले के भिकराईपुर में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान पत्थरबाजी की घटना में कथित तौर पर शामिल 19 लोगों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। शुक्रवार शाम की इस घटना में छह लोग घायल हुए हैं।
धनबाद शहर के पुलिस अधीक्षक ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को 19 लोगों को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
श्रीवास्तव ने कहा, ‘शुक्रवार शाम को धार्मिक जुलूस के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना में दोनों पक्षों से संबंधित प्राथमिकी में नामजद लगभग 50 लोगों में से हमने 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।’’
सिंदरी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों को न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले जांच के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि भिकराईपुर में स्थिति सामान्य है और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।



