


Adityapur.आदित्यपुर थाना क्षेत्र की सालडीह बस्ती मंगलवार सुबह फायरिंग की आवास से गूंज उठी। भाजपा नेता सपन दास के घर पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग से लोग दहशत में आ गये। गनीमत रही कि गोलियां खिड़की की ग्रिल में लगीं और घर के लोग सुरक्षित बच गए।घटना को अंजाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिया। सभी की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी हैं। पुलिस तीनों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। सपन दास जन्माष्टमी पूजा कमेटी (अग्रदूत संघ) के अध्यक्ष भी हैं।फिल्मी अंदाज में पहुंचे थे बदमाश : बताया जाता है कि स्कूटी पर तीन बदमाश सुबह करीब 6.55 बजे बस्ती पहुंचे।
फिल्मी अंदाज में पहुंचते ही सपन दास के घर पर फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद गाली-गलौज करते हुए फरार हो गये। तीनों की पहचान राजू उर्फ टकला, प्रेम और उसके सहयोगी चंदन के रूप में हुई है।चार अप्रैल को भी क्षेत्र में की थी मारपीट : खबर है कि 4 अप्रैल को भी इन बदमाशों ने क्षेत्र में मारपीट के साथ फायरिंग का प्रयास किया था।
पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किये थे। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मुकेश लुणायत ने एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी है। टीम बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।दहशत फैलाने की कोशिश : सालडीह बस्ती बदमाशों का गढ़ रहा है। सपन दास का जहां पर घर है, वहां करीब 15 साल पहले कुख्यात नक्सली का एनकाउंटर हुआ था। जांच टीम को संदेह है कि क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की गयी है। भाजपा नेता सपन दास का कहना है कि उनसे किसी प्रकार की रंजिश नहीं है। इसके बाद भी उनके घर पर फायरिंग समझ से परे है।



