


हाजीपुर/डीडीयू: पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सांसदों ने भाग लेकर रेल विकास, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक की अध्यक्षता पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने की।
बैठक में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रेल विकास और यात्री सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान सांसदों ने रेलवे की आधारभूत संरचना को और मजबूत बनाने, यात्री सुविधाओं का विस्तार करने तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही भविष्य की रेल परियोजनाओं और विकास योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इन सांसदों ने बैठक में लिया भाग
बैठक में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम, चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, काराकाट के सांसद राजा राम सिंह, आरा के सांसद सुदामा प्रसाद, सासाराम के सांसद मनोज कुमार, औरंगाबाद के सांसद अभय कुमार सिन्हा तथा राज्यसभा सांसद साधना सिंह उपस्थित रहीं।
इसके अलावा केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री एवं गया के सांसद जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि राजेश कुमार पाण्डेय, बक्सर सांसद सुधाकर सिंह के प्रतिनिधि अजीत कुमार तथा राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह के प्रतिनिधि विवेकानंद केसरी भी बैठक में शामिल हुए।
महाप्रबंधक ने गिनाईं रेलवे की प्रमुख उपलब्धियां
महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि संसदीय समिति की बैठक रेलवे और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि सांसदों के सुझाव रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि डीडीयू मंडल ने 92 हजार से अधिक यात्री ट्रेनों का सफल संचालन किया।
उन्होंने कहा कि परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए डीडीयू–मानपुर रेलखंड पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसके अलावा 4.5 किलोमीटर लंबी ‘रुद्रास्त्र’ मालगाड़ी का सफल संचालन भी किया गया, जो रेलवे की परिचालन क्षमता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
वैगन ओवरहॉलिंग में बना राष्ट्रीय रिकॉर्ड
महाप्रबंधक ने बताया कि दिसंबर माह में 905 वैगनों की रूटीन ओवरहॉलिंग कर डीडीयू मंडल ने भारतीय रेल में सर्वाधिक मासिक रिकॉर्ड स्थापित किया। इससे मालगाड़ियों की उपलब्धता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15 स्टेशनों का विकास
बैठक में बताया गया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीडीयू मंडल के 15 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं गया रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेशन बनाने के लिए पुनर्विकास कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।
बैठक के अंत में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदों द्वारा दिए गए सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुझावों के आधार पर भविष्य की रेल विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।



