



जमशेदपुर, :
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य गणना प्रपत्र (Enumeration Form) का शत-प्रतिशत संग्रह और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना है, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड सुबोध कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
जुगसलाई विधानसभा के कई बूथों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
उपायुक्त राजीव रंजन ने 47-जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के उन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई थी।निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ संख्या 232, 233, 244, 247 और 248 सहित अन्य मतदान केंद्रों पर पहुंचकर विशेष शिविर की व्यवस्था, बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्य, गणना प्रपत्रों के संकलन एवं डिजिटाइजेशन की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त किए जाएं तथा डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाई जाए।
जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 166, 167, 170, 171, 172, 173, 174, 175, 176, 177, 178, 179, 180, 267, 272 एवं 279 सहित कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने विशेष शिविरों में मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, बीएलओ द्वारा दिए जा रहे सहयोग तथा गणना प्रपत्रों के संकलन एवं डिजिटाइजेशन प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदाताओं से गणना प्रपत्र समय पर जमा करने की अपील
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं से संवाद भी किया और कहा कि यदि गणना प्रपत्र भरने में किसी प्रकार की कठिनाई हो तो 18 एवं 20 जुलाई को आयोजित विशेष शिविरों में उपस्थित बीएलओ से सहायता लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग करेंगे।
समयसीमा के भीतर पूरा होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपना गणना प्रपत्र समय पर भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें। इससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची को निर्धारित समयसीमा में अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।
प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाना है।



