



Devghar. झारखंड सरकार चार अगस्त से देवघर जिले के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर के हवाई दर्शन और श्रद्धालुओं को देवघर से दुमका जिले के बासुकीनाथ धाम तक ले जाने के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रही है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह सेवा राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग के अधीन झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (जेएफआई) द्वारा संचालित की जाएगी।
देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि 29 जुलाई से शुरू हुए विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार और नागरिक उड्डयन विभाग ने यह महत्वपूर्ण पहल की है। हर वर्ष श्रावण मास में भगवान शिव के लाखों श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद वे दुमका जिले के बाबा बासुकीनाथ धाम में भी दर्शन करते हैं।
जेएफआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने बताया कि इस सेवा के लिए पांच सीटों (एक पायलट और चार यात्री) वाला हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा, “इस सेवा का उद्देश्य श्रावण माह में देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराना है। सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए टेंट हाउस समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। देवघर प्रशासन की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर और आसपास के क्षेत्र के 7 से 10 मिनट के हवाई दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति किराया 2,850 रुपये निर्धारित किया गया है।
यही शुल्क बासुकीनाथ धाम मंदिर के हवाई दर्शन के लिए भी रखा गया है। देवघर से त्रिकूट तक 10 से 15 मिनट की हवाई यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 3,750 रुपये देने होंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, चार अगस्त से देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू होगी। 15 मिनट की इस यात्रा का किराया प्रति व्यक्ति 4,500 रुपये तय किया गया है।

Deoghar Helicopter Service: A special helicopter service for aerial views of Baba Baidyanath Dham will commence on August 4. Devghar Helicopter Service: चार अगस्त से बाबा बैद्यनाथ धाम के हवाई दर्शन के लिए शुरू होगी विशेष हेलीकॉप्टर सेवा

