


जमशेदपुर, 19 अगस्त 2026। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना निर्माण और जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में राजकीय पारामेडिकल संस्थान और एमजीएम मेडिकल कॉलेज के भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण, रिजनल वैक्सीनेशन सेंटर के लिए नए भवन, केजीबीवी डुमरिया में पेयजल व्यवस्था तथा जुगसलाई कन्या उच्च विद्यालय में 11 अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण पर चर्चा हुई।
इसके अलावा झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना के तहत भुगतान से वंचित लाभुकों के सत्यापन और समस्याओं के निराकरण की भी समीक्षा की गई। विभिन्न प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा उत्क्रमित पशु चिकित्सा केंद्र मानगो के संचालन के लिए वैकल्पिक भवन उपलब्ध कराने को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों में तेजी का निर्देश
बैठक में डिमना चौक पर डीवीसी की EHT लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए मोनोपोल लगाने, आसनबनी में वाटर पाइपलाइन शिफ्टिंग, अवध डेंटल कॉलेज से बरसोल तक सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगाने और मुसाबनी डिग्री कॉलेज को आवंटित भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण जैसे कार्यों की समीक्षा की गई।
पाइपलाइन बिछाने के लिए एनओसी समेत अन्य विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े मामलों पर भी विभागवार चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का आपसी समन्वय से शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।
दिव्यांग बच्चों के नामांकन पर विशेष जोर
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में छूटे हुए दिव्यांग बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि सभी दिव्यांग बच्चों का नामांकन हो चुका है तो जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) इस संबंध में प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं।
बैठक में बच्चों के बैंक खाते खोलने की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि करीब एक हजार बच्चों के बैंक खाते अभी नहीं खुले हैं। उपायुक्त ने लीड बैंक मैनेजर (LDM) के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चलाकर पात्र बच्चों के बैंक खाते खुलवाने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
खराब जलमीनारों की सूची तैयार करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में खराब पड़ी जलमीनारों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मतीकरण कराने को कहा। इसके साथ ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आधारभूत संरचना से जुड़े मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित कार्यों को संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट कहा कि विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभागीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक जल्द पहुंच सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, निदेशक एनईपी राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, बीडीओ, सीओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

