


जमशेदपुर। निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने शनिवार को जिले में बनाए गए विभिन्न दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं की सुविधा, पारदर्शी प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा में दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में SIR-2026 के तहत निर्वाचक सूची से संबंधित दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने तथा उनके निष्पादन की कार्रवाई चल रही है। मतदाताओं को अपने निर्वाचक विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने या नाम से संबंधित आपत्ति दर्ज कराने में सुविधा हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न निर्धारित स्थानों पर सुनवाई की व्यवस्था की गई है।
उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय परिसर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम कार्यालय, आईटीडीए कार्यालय, जिला जनसंपर्क कार्यालय और वाणिज्य कर कार्यालय में बनाए गए दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) मौजूद रहे।
मतदाताओं को प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों से दावा-आपत्ति प्राप्त करने, दस्तावेजों के सत्यापन, मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता और सुनवाई की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सुनवाई स्थलों पर पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक को आवश्यक प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि दावा या आपत्ति दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। ऐसे में प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने नाम और निर्वाचक विवरण की जांच करनी चाहिए। यदि नाम में किसी प्रकार की त्रुटि है, नाम छूट गया है या निर्वाचक सूची से संबंधित कोई अन्य आपत्ति है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सुनवाई स्थलों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें और नागरिकों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। उन्होंने प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे SIR-2026 के तहत अपने निर्वाचक विवरण की जांच करें और आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि में दावा अथवा आपत्ति दर्ज कराएं। प्रशासन का उद्देश्य सभी पात्र मतदाताओं की भागीदारी के माध्यम से निर्वाचक सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।

