


Jamshedpur. एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जल्द ही सरकारी स्तर पर सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा उपलब्ध होगी। मंगलवार को अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने यह जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल और एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा के साथ बैठक की। उन्होंने अस्पताल में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर, एक्स-रे मशीन समेत मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
साथ ही अस्पताल की जरूरतों और कमियों के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान निदेशक प्रमुख ने अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे कई मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत में डॉ. सान्याल ने कहा कि एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बताया कि बहुत जल्द अस्पताल में अपनी सीटी स्कैन सुविधा शुरू की जाएगी। इसके अलावा एमआरआई मशीन भी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों को बाहर जांच कराने में होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी।

