सरायकेला-खरसावां,: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (URMP) तैयार करने को लेकर मल्टी-स्टेकहोल्डर वर्किंग ग्रुप (MSWG) की दूसरी बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में हुई। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और अब तक हुई प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में खरकई नदी के संरक्षण, नदी तट विकास, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और जल निकासी सहित आदित्यपुर के शहरी पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

नदी तट विकास और फ्लड प्लेन प्लान पर जोर
उपायुक्त ने URMP को आदित्यपुर क्षेत्र की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप प्रभावी और दीर्घकालिक बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने नदी तट के समुचित विकास के साथ फ्लड प्लेन प्लान, जल निकायों के संरक्षण, उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग और हरित क्षेत्र के विकास से जुड़े पहलुओं को भी योजना में शामिल करने को कहा।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए आवश्यक तकनीकी जानकारी, मैपिंग, अद्यतन आंकड़े और प्रस्ताव समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जल संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण पर फोकस
बैठक में शहरी क्षेत्र में जल संचयन और जल संरक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। उपलब्ध जल स्रोतों और जल निकायों के संरक्षण के साथ खरकई नदी और उससे जुड़े जलस्रोतों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए व्यावहारिक उपायों पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट के प्रबंधन, सीवेज व्यवस्था और नालों के पानी को नदी तथा जल निकायों में जाने से रोकने से जुड़े पहलुओं की भी समीक्षा की।
जलभराव के स्थायी समाधान पर चर्चा
आदित्यपुर क्षेत्र में नालों की कनेक्टिविटी, जल निकासी और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक संरचनात्मक और प्रबंधन संबंधी उपायों को URMP में शामिल करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पिछली बैठक में चिन्हित तालाबों के जीर्णोद्धार, सीवेज एवं ड्रेनेज व्यवस्था, एसटीपी के सुदृढ़ीकरण, जलापूर्ति, भू-जल संरक्षण, पार्क एवं हरित क्षेत्र, नदी तट सौंदर्यीकरण और ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
उपायुक्त ने कहा कि अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान केवल नदी संरक्षण तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसमें जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बाढ़ एवं जलभराव प्रबंधन और शहरी हरित क्षेत्र के समग्र विकास को शामिल किया जाना चाहिए।
बैठक में आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित वन प्रमंडल, JUIDCO, JIADA, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल संसाधन विभाग, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, JARDA/JARDCL, स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य और उद्यान विभाग के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं अन्य हितधारक मौजूद रहे।

