लंबित योजनाओं को 15 दिनों में शुरू करें या नियमानुसार रद्द करें, लापरवाही पर संवेदक होंगे डिबार

जमशेदपुर। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक में लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा करने और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। शनिवार को समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ), पथ निर्माण विभाग (आरसीडी), विशेष प्रमंडल, भवन निर्माण, भवन निगम समेत अन्य तकनीकी विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी।

उपायुक्त ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों समेत अन्य स्थानों पर बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों का संबंधित विभाग तत्काल स्थल निरीक्षण करें और जरूरी मरम्मत कर उन्हें मोटरेबल बनाएं।
15 दिनों में शुरू होंगी लंबित योजनाएं
ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सामने आया कि कुछ योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। उपायुक्त ने ऐसी सभी योजनाओं को 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से शुरू करने का निर्देश दिया। निर्धारित अवधि में कार्य शुरू नहीं होने पर योजनाओं को नियमानुसार रद्द करने की कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने संवेदकों की लापरवाही पर भी सख्ती बरतने का निर्देश दिया। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित संवेदक को डिबार करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया।
एनओसी और भूमि सीमांकन के मामले जल्द निपटाएं
बैठक में विभिन्न तकनीकी विभागों के बीच समन्वय से जुड़ी समस्याओं की भी समीक्षा की गयी। वन विभाग से एनओसी, अंचल कार्यालय से भूमि सीमांकन समेत अन्य अंतर्विभागीय मामलों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में धरातल पर उतारें।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान समेत तकनीकी विभागों के सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता मौजूद थे।

