Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार सुबह एक कार ट्रेलर से आगे निकलने की कोशिश के दौरान उससे टकराकर खाई में गिर गई, जिसके कारण एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना हटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुडापी में एक रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि कार छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रही थी। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल दो लोगों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। कार छत्तीसगढ़ से टाटानगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गयी। हादसे में तीन लोगों की जान चली गयी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गयी।


हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और ट्रेलर अनियंत्रित कैसे हुआ? दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

