New Delhi. भारतीय रेलवे ने देशभर में स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 27 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रेल मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, “भारतीय रेलवे ने केंद्रीयकृत रोजगार सूचना (सीईएन – 08/2026) के तहत स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू करने के साथ ही स्नातक उम्मीदवारों के लिए रोजगार का एक नया अवसर खोला है।

विज्ञप्ति में कहा गया, यह भर्ती पात्र उम्मीदवारों को करियर के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ अपने परिचालन तंत्र को मजबूत करने के भारतीय रेलवे के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। मंत्रालय ने यह भी घोषणा की कि वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर भर्तियों की अधिसूचना अलग से जारी की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया से उम्मीदवारों को एक विशिष्ट अधिसूचना मिलेगी, जिसमें इस पद के लिए पात्रता संबंधी शर्तें, परीक्षा की प्रक्रिया और रिक्तियों के विवरण की पूरी जानकारी होगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अक्टूबर से शुरू हो गई है और 25 नवंबर 2026 को समाप्त होगी।


