Jamshedpur. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटल और लॉज में सघन जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान पुलिस टीम ने होटल और लॉज में ठहरने वाले लोगों की जानकारी, आगंतुक रजिस्टर और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। साथ ही होटल एवं लॉज संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि उनके यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।

पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी तरह की असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को देने को कहा। इसके अलावा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और बिना उचित पहचान एवं विवरण के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति नहीं देने का निर्देश दिया गया।

