Jamshedpur. वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता टाटा मोटर्स ने इटली की कंपनी इवेको में 89.42 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 3.43 अरब यूरो में खरीद ली है। इस अधिग्रहण के बाद दोनों कंपनियों का संयुक्त कारोबार 2.28 लाख करोड़ रुपये (21 अरब यूरो) का होगा और यह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी बनेगी। टाटा मोटर्स ने मंगलवार को कहा कि नकद निविदा पेशकश के शुरुआती निपटान के बाद इवेको में उसकी हिस्सेदारी 89.42 प्रतिशत हो गई है। हालांकि, अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी जारी है।

अधिग्रहण पूरा होने के बाद इवेको, टाटा मोटर्स की एक परोक्ष अनुषंगी कंपनी बन जाएगी। यह 2008 में फोर्स से जगुआर लैंड रोवर खरीदने के बाद टाटा मोटर्स का सबसे बड़ा अधिग्रहण है। इवेको समूह में करीब 33,000 कर्मचारी हैं। इसके 16 औद्योगिक संयंत्र और 22 शोध एवं विकास केंद्र हैं। यह सौदा निपटान स्वैच्छिक निविदा पेशकश की स्वीकार्यता अवधि पूरी होने के बाद हुआ है। इसके तहत टाटा मोटर्स ने इवेको के सामान्य शेयरों के लिए 14.4 यूरो प्रति शेयर नकद देने की पेशकश की थी।

शेयरधारकों को अपने शेयर बेचने का एक और मौका देने के लिए निविदा पेशकश की अवधि दो-छह नवंबर, 2026 तक पांच कारोबारी दिनों के लिए फिर खोली जाएगी। इस अवधि में निविदा के तहत दिए गए शेयरों का निपटान 13 नवंबर को होगा। इटली के ट्यूरिन में स्थित इवेको मुख्यालय में आयोजित वैश्विक संवाददाता सम्मेलन में टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने दोनों कंपनियों के संयुक्त कारोबार के आकार और वृद्धि की संभावनाओं को रेखांकित किया।
चंद्रशेखऱन ने कहा,अगले पांच वर्षों में बिक्री की मात्रा और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। साथ ही, लाभ मार्जिन में भी सुधार होगा। टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गिरीश वाघ ने इटली के शेयर बाजारों से इवेको की सूचीबद्धता समाप्त करने की समयसीमा बताने से इनकार किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी होगी।
चंद्रशेखरन को इवेको का चेयरपर्सन एवं वरिष्ठ गैर-कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि ओलोफ पर्सन कंपनी के सीईओ बने रहेंगे।
टाटा मोटर्स के पीबी बालाजी और गिरिश वाघ भी इवेको के निदेशक मंडल में गैर-स्वतंत्र गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में शामिल हुए हैं।

