Jamshedpur. दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को बागबेड़ा और स्टेशन इलाके में चले विशेष जांच अभियान में बड़ी मात्रा में संदिग्ध और अखाद्य खाद्य सामग्री बरामद हुई। टीम ने करीब 10 किलो मिलावटी खोवा, 15 किलो पनीर और 40 अंडे जब्त किए। इसके अलावा 35 लीटर खराब खाद्य तेल मौके पर ही नष्ट कराया गया।

जांच में करीब 25 किलो अखाद्य रंग मिली तैयार सब्जी और दो किलो मछली भी मिली। दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए रांची से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब जमशेदपुर पहुंची है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इसके सहयोग से बागबेड़ा और स्टेशन क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान करीब 30 ठेला-खोमचा और पांच होटलों की जांच की गई।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनके रखरखाव और साफ-सफाई का जायजा लिया गया। संदिग्ध सामग्री को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं, बिना लेबल और गलत ब्रांडिंग वाले सॉस, मसाले सहित अन्य खाद्य उत्पादों को बिक्री से हटवाया गया। जांच के दौरान तैयार खाद्य सामग्री में अखाद्य रंग का इस्तेमाल सामने आने से विभाग की चिंता बढ़ गई। करीब 25 किलो रंग मिली सब्जी के अलावा खराब खाद्य तेल भी मिला। टीम ने 35 लीटर तेल को मौके पर नष्ट करा दिया। त्योहार के दौरान बाजार में मिठाई, पनीर, खोवा और अन्य खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी सामग्री की बिक्री लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकती है।
त्योहार तक जारी रहेगी निगरानी
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। दीपावली को देखते हुए मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बाजारों, होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी संजय कुमार, मुन्ना कुमार, राजहंस कुमार, मासूम अंसारी, अविनाश किस्कू और भोला शंकर सहित अन्य कर्मी शामिल थे।

