
Saraikela. अभिजीत गोराई की मौत के बाद इलाके में ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इसके कारण NH-18 स्थित चांडिल-पुरुलिया बायपास समेत टाटा-चांडिल मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अनुसार, अभिजीत गोराई की मौत की खबर मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर टेंट लगाकर धरना दिया। पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी आंदोलन में शामिल हुईं l प्रदर्शन के कारण टाटा-चांडिल मार्ग पर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। NH-18 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। ट्रक, यात्री बसें और छोटे-बड़े वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर आवागमन ठप होने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस बीच रावताड़ा चौक पर ग्रामीणों ने बांस-बल्ली लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता रहा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से परिजनों और ग्रामीणों के साथ लगातार बातचीत की गई l

काफी मशक्कत और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद आखिरकार सड़क जाम हटाया गया। इसके बाद टाटा-चांडिल मार्ग पर वाहनों का आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हुआ। परिजनों के साथ वार्ता के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमति बनी। इसके बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
युवक की मौत के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के विरोध के कारण कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन की पहल के बाद सड़क पर आवागमन बहाल हो गया है।

