Jamshedpur. सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के आरोप का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। इस मामले को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उनके पोस्ट के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

चंपाई सोरेन ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि सिमडेगा की एक नाबालिग आदिवासी बेटी के साथ विधायक आवास में दुष्कर्म की खबरें आ रही हैं। स्वर्गीय निशा भगत मामले की तरह ही सरकार फिर से खामोश है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए लिखा, “क्या यही है मंईयां सम्मान?” चंपाई सोरेन ने इस मामले को स्वर्गीय निशा भगत प्रकरण से जोड़ते हुए सरकार की कार्यशैली और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना का उल्लेख करते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की है। गौरतलब है कि सिमडेगा की नाबालिग बच्ची की शिकायत पर रांची के धुर्वा थाना में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता ने विधायक आवास में कथित दुष्कर्म और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वहीं विधायक ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज किया है।
इस मामले में भाजपा पहले ही विधायक की गिरफ्तारी की मांग कर चुकी है। अब पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बयान के बाद मामला केवल कानूनी ही नहीं, बल्कि राजनीतिक बहस का भी विषय बन गया है। सभी की निगाहें अब पुलिस जांच और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

