झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत हुआ आयोजन, उपायुक्त ने कहा- रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर मिल सकती है मदद

जमशेदपुर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के तहत पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पदाधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से भाग लिया। इस दौरान कुल 37 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

उपायुक्त राजीव रंजन ने शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया और इस सामाजिक पहल के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में रक्तदान के माध्यम से योगदान देना मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना था। इसमें शामिल रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
आयोजन के माध्यम से जिला प्रशासन ने लोगों को रक्तदान जैसे जीवनरक्षक कार्य में आगे आने का संदेश दिया।

