सरायकेला: भारत सरकार के मौसम विज्ञान विभाग एवं मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से भारी बारिश एवं तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इसी चेतावनी को देखते हुए एहतियात के तौर पर सरायकेला-खरसावां जिले के सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में वर्ग KG से वर्ग 05 तक की कक्षाएं दिनांक 20 नवंबर 2026 को स्थगित रहेंगी।

शिक्षकों व कर्मियों को विद्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश
कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद विद्यालयों के संचालन और प्रशासनिक कार्यों को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं:

-
बायोमेट्रिक उपस्थिति: सभी विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करेंगे।
-
गैर-शैक्षणिक कार्य: उपस्थित कर्मी विद्यालय में गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
खराब मौसम को लेकर जिला प्रशासन की आमजन से अपील
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि संभावित खराब मौसम को देखते हुए स्वयं सतर्क एवं सुरक्षित रहें तथा परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
-
सुरक्षा सावधानियां: तेज हवाओं एवं भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, पेड़-पौधों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं के समीप जाने से बचें तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलस्रोतों के आसपास जाने से परहेज करें।
-
बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान: विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखें और मौसम विभाग की चेतावनियों तथा प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें।

