सरायकेला-खरसावां। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत जिले में चल रहे गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान रविवार, 22 नवंबर को 47 लाभुक परिवारों ने अपने नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश किया। इसके साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों और सरायकेला नगर भवन में पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के संरक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नौ प्रखंडों में 47 परिवारों को मिला नए घर का लाभ
जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले के नौ प्रखंडों में कुल 47 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। प्रखंडवार आंकड़ों में चांडिल में 6, गम्हरिया में 8, ईचागढ़ में 5, खरसावां में 4, कुचाई में 3, कुकड़ू में 7, नीमडीह में 6, राजनगर में 5 और सरायकेला प्रखंड में 3 परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया।

इस क्रम में कुकड़ू प्रखंड की बेराशी सिरूम और लेटेमदा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के लाभुक निखिल चंद्र महतो, उर्मिला महतो सहित अन्य परिवारों के घरों में विधिवत गृह प्रवेश कराया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर, मुखिया मस्जिद सिंह और जिला पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि युधिष्ठिर मांझी उपस्थित रहे। स्वयंसेवक संजय कुमार महतो, सबिता महतो और शक्तिपद महतो ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
नए घर में प्रवेश के अवसर पर लाभुक परिवारों को पौधे और बधाई पत्र देकर शुभकामनाएं दी गईं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न हुआ।
पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के संरक्षकों का सम्मान
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सरायकेला नगर भवन सहित जिले के विभिन्न प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के संरक्षकों के अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
इसके अलावा विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ग्रामसभा से विकास योजनाओं के चयन की जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को VB-G RAM G योजना के प्रावधानों और इसके तहत संचालित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि ग्रामसभा के माध्यम से गांव की स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं का चयन कर उन्हें पारित किया जा सकता है।
जिला प्रशासन के अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य आवास योजना के लाभुकों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के साथ पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के संरक्षकों को सम्मान देना और ग्राम विकास में ग्रामीणों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

