जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने के साथ जागरूकता अभियान को भी नियमित करने का निर्णय लिया है। सोमवार, 23 नवंबर को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक हुई।

बैठक में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई, रोकथाम के उपायों और युवाओं को नशे से दूर रखने की रणनीति की समीक्षा की गई। इसमें वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, घाटशिला के एसडीएम, पटमदा के डीएसपी तथा स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

स्कूलों में नियमित चलेगा नशा विरोधी जागरूकता अभियान
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई केवल अवैध कारोबार पर रोक लगाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशे की लत से बचाना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने शिक्षा विभाग और थाना स्तर पर विद्यालयों में नियमित रूप से नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक नुकसान की जानकारी दी जाएगी।
नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास पर जोर
बैठक में नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार, नशामुक्ति और पुनर्वास की व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, परिवार और शिक्षण संस्थानों को मिलकर काम करना होगा।
प्रशासन का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर नियंत्रण के साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना भी है।
नशे के अवैध कारोबार की सूचना इन नंबरों पर दें
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। यदि कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या परिवहन की जानकारी मिलती है, तो नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर सूचना दे सकते हैं।

