Gamahria. सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार महेंद्र सिंह की मौत हो गई। हादसा उषा सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकराने के कारण हुआ। मृतक आदित्यपुर के मांझी टोला निवासी थे और पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करते थे।

जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह सोमवार रात अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया के उषा मोड़ के पास अचानक बाइक पर से उनका नियंत्रण खो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद कोल्हान के कोषाध्यक्ष अभिराज प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ घायल महेंद्र सिंह को इलाज के लिए गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालांकि, आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद करीब 20 मिनट तक घायल को देखने के लिए कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं हुआ। परिजन और स्थानीय लोगों का कहना है कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति दर्द से तड़पता रहा, लेकिन समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी। लोगों का आरोप है कि डॉक्टर से मरीज को देखने का आग्रह करने पर यह जवाब दिया गया कि मरीजों को देखने का समय निर्धारित है और अभी समय नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर चिकित्सा सहायता मिलती तो शायद महेंद्र सिंह की जान बचाई जा सकती थी। घटना को लेकर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची। वहीं, उषा मोड़ के आसपास सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने को लेकर भी स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। घटनास्थल पर अभी भी लोगों का आक्रोश बना हुआ है।

