New Delhi. देश में प्रमुख वाहन विनिर्माताओं ने त्योहारों के बाद कीमतों में नए सिरे से बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनियों ने अतिरिक्त लागत का एक हिस्सा ग्राहकों पर डालकर कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी की आंशिक भरपाई करने के लिए यह कदम उठाया है। देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया ने 22 नवंबर से चुनिंदा मॉडल के लिए लगभग 0.31 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि लागू की। इसके बाद मंगलवार को टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी), हुंदै मोटर इंडिया और जर्मनी की लग्जरी कार विनिर्माता ऑडी इंडिया ने कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की।

टाटा मोटर्स और हुंदै अपने मूल्य संशोधन एक दिसंबर से लागू करेंगी, जबकि ऑडी की नई कीमतें एक जनवरी, 2027 से प्रभावी होंगी।
मूल्य संशोधनों का यह नया दौर कच्चे माल और जिंस लागत से वाहन विनिर्माताओं पर बढ़ते दबाव के बीच आया है। वाहनों की बिक्री में अच्छी वृद्धि के बावजूद बढ़ती लागत ने कंपनियों के परिचालन मार्जिन और लाभ को प्रभावित किया है। मारुति सुजुकी का यह ताजा मूल्य संशोधन वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में की गई तीन दौर की बढ़ोतरी के बाद आया है, जो कुल मिलाकर एक प्रतिशत से थोड़ी अधिक थी।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने मंगलवार को पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) सहित कारों और एसयूवी के अपने पूरे संस्करणों में औसतन 0.5 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि की घोषणा की। यह वृद्धि एक दिसंबर, 2026 से प्रभावी होगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस संशोधन का उद्देश्य लागत में बढ़ोतरी के असर की आंशिक भरपाई करना है। वाहन विनिर्माता ने कहा कि मूल्य वृद्धि की मात्रा विभिन्न मॉडल और संस्करणों के अनुसार अलग-अलग होगी। हुंदै मोटर इंडिया लागत में तेज वृद्धि का हवाला देते हुए एक दिसंबर से चुनिंदा वाहन मॉडल और संस्करणों की कीमतों में 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करेगी।
दक्षिण कोरियाई वाहन विनिर्माता ने मंगलवार को शेयर बाजार को बताया कि इस संशोधन के दायरे में उसकी वाहन शृंखला के चुनिंदा मॉडल और संस्करण आएंगे। बढ़ोतरी की सीमा मॉडल और संस्करण के अनुसार अलग-अलग होगी। यह ताजा संशोधन वाहन विनिर्माता द्वारा मौजूदा वर्ष में अब तक लागू की गई 1.4 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि के अतिरिक्त होगा, जिसमें सितंबर में की गई 0.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी भी शामिल है।
इस बीच, ऑडी इंडिया एक जनवरी, 2027 से अपने वाहनों की कीमतों में दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने इस साल दूसरी बार अपनी कीमतों में बढ़ोतरी की है।

