धनबाद,। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वालों के खिलाफ गुरुवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुनियोजित तरीके से दिन-रात चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 902 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे जुर्माने के रूप में 7 लाख 50 हजार रुपये की वसूली की गई।

रेलवे की चेकिंग टीमों ने विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित प्राधिकार के बिना सफर करने वाले तथा बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़ा गया।

902 यात्रियों पर कार्रवाई, 7.50 लाख रुपये वसूले
धनबाद मंडल की ओर से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य रेलवे राजस्व की सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना था। जांच के दौरान पकड़े गए यात्रियों से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट और यात्रा प्राधिकार के साथ ही सफर करने की कड़ी हिदायत दी।
टिकट काउंटरों पर दिखी यात्रियों की भीड़
मेगा टिकट चेकिंग अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले उचित टिकट अवश्य लें। साथ ही जिस श्रेणी का टिकट लिया है, उसी श्रेणी में यात्रा करें।
धनबाद मंडल ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। भविष्य में भी इस तरह की विशेष जांच की जाएगी, ताकि बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाई जा सके।

