Jamshedpur.दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों के कारण रेल यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने 26 नवंबर से 17 दिसंबर तक झारसुगुड़ा रेलवे यार्ड के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर बड़ा ट्रैफिक ब्लॉक लिया है। इसके तहत करीब 90 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है। वहीं, आठ एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इसका असर टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला और झारसुगुड़ा रेलखंड से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

टाटानगर से चलने वाली टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस और टाटानगर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ने की जानकारी है। रेल परिचालन प्रभावित होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। खासकर छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का परिचालन, रद्द होने की तिथि और बदले हुए मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।


