जमशेदपुर/रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2026 के अवसर पर मानगो नगर निगम को राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। मुख्यमंत्री श्रमिक योजना 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर निगम को यह सम्मान प्रदान किया गया। रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता ने प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और शॉल ग्रहण किया।

इस अवसर पर महापौर सुधा गुप्ता के साथ अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव भी उपस्थित थे। दोनों ने मानगो नगर निगम की ओर से सम्मान स्वीकार किया।

सम्मान मिलने पर महापौर सुधा गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, मेहनत और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है।
महापौर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से मिला यह सम्मान नगर निगम के लिए गौरव की बात है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित में और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम भविष्य में भी नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

