जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में शनिवार को बड़ी पहल हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को नवनिर्मित एसएसपी स्मार्ट ऑफिस भवन और मानगो थाना के नए भवन का ऑनलाइन उद्घाटन किया। दोनों भवनों का निर्माण झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (JPHCL) के माध्यम से कराया गया है। नए भवनों के शुरू होने से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा SSP स्मार्ट ऑफिस
नवनिर्मित एसएसपी स्मार्ट ऑफिस भवन को आधुनिक प्रशासनिक सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के अनुरूप तैयार किया गया है। इससे पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

वहीं, मानगो थाना के नए भवन में पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा। इसके साथ ही आम नागरिकों को सुलभ, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं देने में सुविधा होगी।
उद्घाटन समारोह में जिले के आला अधिकारी रहे मौजूद
ऑनलाइन उद्घाटन के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस के आधुनिकीकरण को मिलेगी गति
नए भवनों का उद्घाटन झारखंड पुलिस के आधुनिकीकरण और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पुलिस प्रशासन में कार्यक्षमता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आधुनिक, तकनीक-सक्षम, जवाबदेह और जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।


