Ranchi. झारखंड के रामगढ़ जिले में बीती रात एक तेज रफ्तार एसयूवी के भारी वाहन से टकरा जाने के कारण पांच महिलाओं और दो बच्चों समेत बिहार के 13 लोगों की मौत हो गई, तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बीती रात करीब ढाई बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में 13 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया पर अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘झारखंड के रामगढ़ जिले में सड़क हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे के बारे में जानकर दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’
राज्यपाल गंगवार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रामगढ़ जिले के कुजू में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।’’
उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री सोरेन ने भी ‘एक्स’ पर शोक संदेश में कहा कि रामगढ़ में पैंकी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हुए सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद है। सोरेन ने कहा, मैं हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मरांग बुरू दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकसंतप्त परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। हादसे में घायल व्यक्ति का उचित इलाज किया जा रहा है।’’

