New Delhi. भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग और आरक्षण प्रणाली को डिजिटल कर दिया है, लेकिन उन सीट की निगरानी के लिए कोई तंत्र नहीं बनाया है जो यात्रियों के ट्रेन में सवार न होने पर खाली रह जाती हैं, जिससे ट्रेन टिकट परीक्षकों (टीटीई) को ऐसी सीट के आवंटन में विवेकाधिकार प्राप्त हो जाता है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार ये बर्थ ‘रद्दीकरण के उपरांत आरक्षण’ (आरएसी) श्रेणी के यात्रियों को आवंटित की जानी चाहिए, लेकिन प्रभावी निगरानी व्यवस्था न होने के कारण, आरोप है कि टीटीई इन्हें प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को अनौपचारिक भुगतान (रिश्वत) के बदले दे देते हैं। यह मुद्दा तब चर्चा में आया जब कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि रेलवे आरक्षण प्रणाली में उनके टिकट अब भी ‘प्रतीक्षा सूची’ क्यों दिखा रहे हैं, जबकि ट्रेन में मौजूद टीटीई खाली बर्थ अन्य यात्रियों को आवंटित कर रहे हैं।

एक परिवार ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि उनका ई-टिकट ‘कन्फर्म’ न होने पर, एक टीटीई ने उन्हें सामान्य श्रेणी के टिकट खरीदने की सलाह दी और बाद में पैसों के बदले उन्हें वातानुकूलित कोच में दो सीट देने की पेशकश की। यात्रियों ने सवाल उठाया कि जब आरआरसीटीसी की वेबसाइट पर उनके टिकट की स्थिति लगातार ‘प्रतीक्षारत’ दिख रही थी, तो ट्रेन में सीट कैसे उपलब्ध हो सकती है।

आरएसी की व्यवस्था 1983-84 से लागू
अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा नियमों के तहत, यात्रियों के न पहुंचने की वजह से खाली बर्थ आरएसी श्रेणी के यात्रियों को आवंटित की जानी हैं। आरएसी प्रणाली के तहत एक ही बर्थ पर दो यात्रियों को जगह दी जाती है, और दोनों को पूरा किराया देना पड़ता है। अगर कन्फर्म टिकट वाला कोई यात्री ट्रेन में नहीं सवार होता है तो खाली हुई सीट आरएसी वाले यात्रियों में से किसी एक को दे दी जाती है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,‘आरएसी की व्यवस्था 1983-84 में इस सोच के साथ शुरू की गई थी कि अगर आरक्षित सीट वाला कोई यात्री ट्रेन में सवार नहीं होता है तो उसकी बर्थ खाली न रहे। चूंकि उस समय टिकट प्रणाली डिजिटल नहीं थी, इसलिए यात्रियों के न पहुंचने की वजह से खाली हुई बर्थ किसे दी जाएगी, यह काफी हद तक टीटीई की मर्जी पर निर्भर करता था।’’
वर्ष 2015 के बाद यह व्यवस्था
अधिकारी ने बताया, ‘वर्ष 2015 तक, रेलवे उन यात्रियों को किराए का 50 प्रतिशत हिस्सा वापस कर देता था जिनकी ट्रेन छूट जाती थी। इसके लिए शर्त यह थी कि यात्री को ट्रेन छूटने से छह घंटे पहले से लेकर ट्रेन के रवाना होने के दो घंटे बाद तक आवेदन करना होता था। इस व्यवस्था के तहत, रेलवे कम से कम यह पता लगाने की स्थिति में रहता था कि यात्री ने यात्रा की है या वह ट्रेन में नहीं चढ़ पाया। उन्होंने कहा कि जिन यात्रियों की ट्रेन छूट गई थी, वे पैसे वापस प्राप्त करने के लिए आवेदन करेंगे, इससे रेलवे को खाली बर्थ की स्थिति जानने में भी मदद मिली।
अधिकारियों ने बताया लेकिन 2015 में किराया वापसी के नियमों में बदलाव किये जाने के बाद, जो यात्री अपनी ट्रेन छूट जाने के कारण यात्रा नहीं कर पाते, वे अब किसी भी किराया वापसी के हकदार नहीं रहे। उन्होंने बताया कि इससे वास्तव में वह तरीका खत्म हो गया, जिसके जरिए रेलवे यह पता लगा सकता था कि कोई यात्री यात्रा कर रहा है या नहीं। रेलवे के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘इससे वास्तव में टीटीई को यह तय करने की पूरी छूट मिल गई कि इन खाली हुई सीट का आवंटन कैसे करना है।
यात्रा नहीं करने वाले यात्रियों की पहचान की व्यवस्था नहीं
टिकट प्रणाली के डिजिटल हो जाने के बाद, रेलवे ने यह अनिवार्य कर दिया है कि यदि कोई यात्री सवार नहीं होता, तो टीटीई उसकी बर्थ के सामने ‘नो टर्न-अप’ स्थिति दर्ज करें। अधिकारी ने कहा,‘हालांकि, रेलवे के पास यह जांचने का कोई तरीका नहीं है कि टीटीई वास्तव में ऑनलाइन प्रणाली में यात्री के नहीं सवार होने की जानकारी दर्ज कर रहे हैं या फिर खाली बर्थ को ट्रेन में सफर कर रहे प्रतीक्षा सूची वाले अन्य यात्रियों को अनौपचारिक भुगतान के बदले आवंटित कर रहे हैं।’’ अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई यात्री ‘आरक्षण चार्ट’ बनने के बाद ट्रेन में यात्रा नहीं करता या अपनी यात्रा की योजना रद्द कर देता है, तो रेलवे को उसे किराया वापस करने से मना करने के बजाय, इस बात की जानकारी देने के लिए यात्रियों को कोई प्रोत्साहन देने पर विचार करना चाहिए।उन्होंने कहा कि आंशिक किराया वापस करने से यात्रियों को यह बताने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है कि वे यात्रा नहीं कर रहे हैं, जिससे रेलवे को खाली सीट का हिसाब रखने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन के रवाना होने से आठ से 12 घंटे पहले ‘रिजर्वेशन चार्ट’ तैयार करने के रेलवे के फैसले, और चार्ट बनने के बाद टिकट रद्द करने पर किराया वापस नहीं करने की नीति ने, आखिरी समय पर यात्रा न करने का फैसला लेने वाले यात्रियों की पहचान करने की प्रक्रिया को और भी मुश्किल बना दिया है। अधिकारियों ने बताया कि टीटीई यात्रियों के नहीं आने से खाली हुई सीट को प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को आवंटित करना पसंद करते हैं, क्योंकि इससे उन्हें अतिरिक्त पैसे कमाने का मौका मिल जाता है।

