Ranchi . झारखंड के गोड्डा जिले में सात वर्षीय बच्ची के साथ उसके घर में 13 वर्षीय किशोर द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बच्ची की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद किशोर को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना उस समय हुई, जब बच्ची अपनी छोटी बहन के साथ घर पर थी और उसकी मां काम के सिलसिले में बाहर गई हुई थी।

ठाकुरगंगटी थाने के प्रभारी राजन कुमार राम ने कहा, ”हमने बृहस्पतिवार को आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया। बच्ची की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और उसकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाले आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


