


- उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई एमपी-एमएलए लैड, सीएसआर, खेल और पर्यटन से संबंधित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक
जमशेदपुर. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सांसद एवं विधायक निधि (MP/MLA Fund), कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR), खेल तथा पर्यटन से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई . बैठक में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल व अन्य विभागीय पदाधिकारी, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों ने भाग लिया .
सीएसार की समीक्षा में उपायुक्त ने कहा कि सीएसआर गतिविधियों की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की जाए जिससे आपके उद्यम से प्रभावित क्षेत्र, वंचित तबकों, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में ठोस और सकारात्मक बदलाव दिखे. उन्होंने कंपनियों को सुझाव दिया कि वे स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप योजनाएं तैयार करें और उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करें .
एमपी/एमएलए फंड के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं के ससमय कार्यान्वयन हेतु कार्यदायी एजेंसियों को निर्देशित किया गया . खेल सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को बेहतर खेल मैदान व सुविधायें मिले इसे प्राथमिकता देने पर बल दिया गया . वहीं जिले के पर्यटन स्थलों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर योजनाएं चयनित करने की बात कही गई.
उपायुक्त ने कहा कि जिले में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, ज़रूरत है तो बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन की. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं को धरातल पर लाने के निर्देश दिए .
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता व अन्य संबंधित उपस्थित थे.



