Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित खरकई पुल पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोरी ने छोटे पुल से खरकई नदी में छलांग लगा दी। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। किशोरी को नदी में कूदते देख आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उसे बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को नदी में पुल के पिलर के पास सुरक्षित पहुंचाया गया।

इसके बाद गोताखोरों की सहायता से उसे नदी से बाहर निकाला गया। बारिश के कारण खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव भी तेज था। ऐसे में बचाव कार्य के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में बचाव अभियान पूरा किया गया और किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल किशोरी के नदी में छलांग लगाने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।


